छत्तीसगढ़

महंगाई और गैस संकट पर सरकार घिरी, सुमीत जैन बोले—जमीन पर फेल साबित हो रही नीतियां


धमतरी (प्रखर)युवा कांग्रेस नेता सुमीत जैन ने केंद्र सरकार और राज्य की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर मोर्चे पर नीतियां विफल साबित हो रही हैं और आम जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है।
सुमीत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मजबूत विदेश नीति का दावा किया जाता है, लेकिन ईरान, इजराइल और अमेरिका जैसे अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के बीच देश की स्थिति और सरकार की भूमिका कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि इन वैश्विक परिस्थितियों का असर सीधे देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता पर पड़ा है।
उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि की जा रही है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सुमीत जैन के अनुसार, पहले ही महंगाई से जूझ रही जनता के लिए रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने हालात और कठिन बना दिए हैं।
युवा कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोग घंटों गैस एजेंसियों के बाहर कतार में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि आपूर्ति व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं।
सुमीत जैन ने कहा कि सिलेंडर की कमी अब आम समस्या बन चुकी है, लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार की असफल नीतियों का परिणाम बताते हुए कहा कि इससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का कांग्रेस द्वारा जोरदार विरोध किया जा रहा है। एक ओर सरकार विकास और राहत के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर महंगाई बढ़ाकर आम जनता की जेब पर लगातार बोझ डाला जा रहा है।
सुमीत जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषणों के जरिए जनता को आकर्षित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है और अब जनता भी इसे समझने लगी है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button