छत्तीसगढ़

24 घंटे में खुला मोती वस्त्रालय चोरी कांड, अंतर्राज्यीय गिरोह धराया


धमतरी(प्रखर) धमतरी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। करेली बड़ी चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश पहुंचकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सोहन लाल पाल (65 वर्ष), निवासी ग्राम पटेवा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर ने 13 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नवागांव में उनके कपड़ा दुकान मोती वस्त्रालय का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर लगभग 1 लाख 37 हजार रुपए मूल्य के कपड़े, साड़ियां, बैग एवं नगदी ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड थाना अंतर्गत करेली बड़ी चौकी पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई और साइबर टीम की मदद से एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (RJ 20 GC 0653) की पहचान हुई। वाहन मालिक के मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग से लोकेशन मध्यप्रदेश में मिलने पर पुलिस टीम तुरंत रवाना हुई।
पुलिस ने जिला सीहोर (मध्यप्रदेश) के आष्टा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ा, जिसमें तीन युवक सवार थे। पूछताछ में आरोपियों ने छत्तीसगढ़ में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
विकम बागडी (20) निवासी कोटा (राजस्थान)
बबलु बागड़ी (20) निवासी बारां (राजस्थान)
रोहित बागडी (19) निवासी बारां (राजस्थान)
आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कपड़ों से भरी 6 बोरियां, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, लोहे का सब्बल और बबूल लकड़ी का कुंदा बरामद किया गया है। आरोपियों ने कुछ साड़ियां अपने परिचितों को बांटने की बात भी स्वीकार की है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की थी और रात में शटर को तोड़कर अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद सामान को बोरियों में भरकर पिकअप वाहन से मध्यप्रदेश की ओर फरार हो गए थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button