धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब बेचते आरोपी टिकेश्वर साहू रंगे हाथ गिरफ्तार, 55 हजार से अधिक का माल जब्त

धमतरी। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। अर्जुनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम हरफतराई, मुख्य नहर पार के पास एक व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल के माध्यम से अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी को एक बैंगनी रंग के पिट्ठू बैग में शराब रखकर बेचते हुए पकड़ लिया। मौके पर उपस्थित गवाहों के समक्ष आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 31 पौवा देशी शराब, बिक्री की नगदी राशि 3,400 रुपये तथा एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05 AM-7048 बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 55,880 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिकेश्वर साहू (38 वर्ष), पिता रामविलास साहू, निवासी ग्राम डोडकी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 39/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



