छत्तीसगढ़

नगर निगम ने 13 दुकानों के आबंटन हेतु ऑनलाइन निविदा की आमंत्रित, अच्छे लोकेशन में दुकान लेने का सुनहरा मौका




धमतरी/ नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर में व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। महात्मा गांधी वार्ड स्थित कलेक्टोरेट मोड़ के सामने मुख्य सड़क किनारे जनपद कार्यालय के पास निर्मित कुल 13 दुकानों का किराए पर आबंटन किया जाना है। इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा ऑनलाइन निविदा आमंत्रित की गई है।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक आवेदक 02 अप्रैल 2026 तक स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज भेज सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न की जाएगी, ताकि पात्र आवेदकों को ही इसका लाभ मिल सके।

निगम प्रशासन ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। निविदा से संबंधित नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी नगर निगम के राजस्व विभाग से प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा निगम कार्यालय में आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा। दुकान निर्माण का कार्य शीघ्रता से किया जा रहा है, काम की प्रगति अधिकारियों के द्वारा सतत ली जा रही है। निर्माण के लिए नियुक्त एजेंसी के द्वारा प्लिंथ स्तर का कार्य पूरा कर लिया गया है।

नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को व्यवसाय के लिए बेहतर और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा मिले तथा नगर निगम की राजस्व वृद्धि भी सुनिश्चित हो सके। इन दुकानों के आबंटन से क्षेत्र में रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button