अंगारमोती माता मंदिर के समीप मचानहट का निरीक्षण, पर्यटन विकास की संभावनाओं पर हुआ मंथन

धमतरी(प्रखर)जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अंगारमोती माता मंदिर के समीप स्थित मचानहट क्षेत्र का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान क्षेत्र में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मचानहट क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक सौंदर्य, पहुंच मार्ग, मूलभूत सुविधाओं तथा पर्यटकों को आकर्षित करने की संभावनाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने माना कि यदि इस क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो यह धमतरी जिले का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें पर्यटक सुविधाओं का विस्तार, सड़क एवं परिवहन व्यवस्था में सुधार, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे बिंदुओं को शामिल करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर, डीएफओ कृष्ण जाधव, एसडीएम पीयूष तिवारी, जनपद पंचायत धमतरी की सीईओ वर्षा रानी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए मचानहट क्षेत्र को एक विकसित और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करने की बात कही।
इस पहल से आने वाले समय में न केवल धार्मिक आस्था से जुड़े श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि धमतरी जिले को पर्यटन के नक्शे पर एक नई पहचान भी मिलेगी।



