छत्तीसगढ़

जुगदेही में कलेक्टर ने किया मक्का फसल का निरीक्षण, किसानों से सीधा संवाद

धमतरी प्रखर -कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने क्षेत्र के ग्राम  जुगदेही का दौरा कर किसानों से सीधे संवाद किया और मक्का फसल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसल की गुणवत्ता, उत्पादन की स्थिति तथा किसानों द्वारा अपनाई जा रही कृषि पद्धतियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से खेती से जुड़ी चुनौतियों और उनकी सफलताओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से AI आधारित खेती कर रहे किसान से बातचीत कर आधुनिक तकनीकों के उपयोग, उनकी गुणवत्ता और फसल उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव को समझा। कलेक्टर ने कहा कि नई तकनीकों के उपयोग से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है और किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
इस अवसर पर कलेक्टर ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली और किसानों से योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र ठाकुर, जिला कृषि अधिकारी मोनेश साहू सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button