छत्तीसगढ़

कलेक्टर का मैदानी दौरा : योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण


जिले में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर पहुंचे गांव-गांव


किसानों को केसीसी की किताब सौंपी


धमतरी(प्रखर)कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण कर विकास कार्यों, कृषि गतिविधियों एवं संस्थागत व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को त्वरित लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर के भ्रमण की शुरुआत पोटियाडीह से हुई, जहां PACS एवं हाउसिंग सोसायटी का निरीक्षण करते हुए खाद-बीज वितरण, ऋण सुविधा तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। पोटियाडीह में 4000 मैट्रिक टन क्षमता का गोदाम बनाने की कार्य योजना की जानकारी दी गई। इसी दौरान चना खरीदी केंद्र का शुभारंभ हुआ और किसानों को केसीसी की किताब सौंपी गई।
इसके पश्चात आमदी में नगर पंचायत का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं जल शोधन संयंत्र (WTP) की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। कॉलेज रोड के निरीक्षण के दौरान सड़क गुणवत्ता एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
डोमा में सोसायटी के कार्यों की समीक्षा कर हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जुगड़ेही में किसानों से संवाद कर मक्का फसल की स्थिति की जानकारी ली गई और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सुपेला में पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण कर पशुपालन को आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए इस क्षेत्र में प्रोत्साहन देने की बात कही गई। सेमरा बी में सोसायटी, मक्का एवं उड़द फसल का अवलोकन कर किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी गई।
भखारा कृषि उपज मंडी में चना खरीदी का निरीक्षण किया गया। इसके बाद भखारा तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं आमजन को समयबद्ध सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए गए। रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, सरपंच एवं किसान उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, हितग्राहियों को पारदर्शी एवं सरल तरीके से लाभ पहुंचाया जाए, नियमित मॉनिटरिंग कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा कृषि, पशुपालन एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है, जिसके लिए फील्ड विजिट और समीक्षा लगातार जारी रहेगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button