अवैध डीजल भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जब्त

धमतरी(प्रखर) जिले में अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कुरुद क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा की गई छापेमार कार्रवाई में करीब 3100 लीटर डीजल जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कुरुद को मिली शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप के पीछे बने स्टोर रूम एवं परिसर में संदिग्ध रूप से डीजल का भंडारण पाया गया। जांच में 4 ड्रम पूरी तरह भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम तथा 2 मिनी टैंकरों में लगभग 2100 लीटर डीजल मिला। इस प्रकार कुल लगभग 3100 लीटर डीजल अवैध रूप से संग्रहित होना सामने आया।
संयुक्त टीम ने मौके पर ही डीजल एवं संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया और प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को सौंप दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



