छत्तीसगढ़

भूमिहीन कृषि मजदूरों को मिला आर्थिक संबल – धमतरी जिले के 23 हजार से अधिक हितग्राहियों के खातों में पहुंची 23 करोड़ से अधिक राशि


धमतरी- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग 5 लाख भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को 500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आयोजित हुआ, जहां से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के हितग्राहियों से संवाद कर योजना के लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
इस योजना के तहत धमतरी जिले के 23,107 पात्र भूमिहीन कृषि मजदूरों के बैंक खातों में 23 करोड़ 10 लाख 70 हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। प्रति हितग्राही 10,000 रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से दी गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा और स्थायित्व मिल सके।
धमतरी जिले में जिला मुख्यालय सहित कुरूद, मगरलोड और नगरी विकासखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। धमतरी जनपद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहु वर्चुअल रूप से शामिल हुए और हितग्राहियों को सहायता राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष अंगीरा ध्रुव, उपाध्यक्ष केशव साहू, पार्षद संतोष सोनकर एवं रुखमणी सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह देवहारी, एसडीएम पियुष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया गया, वहीं तहसील एवं नगरीय निकाय स्तर पर भी आयोजन संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना छत्तीसगढ़ शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी आजीविका को मजबूत करना है। योजना के माध्यम से नियमित वित्तीय सहायता मिलने से हितग्राहियों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button