रामनवमी शोभायात्रा को लेकर पुलिस का एक्शन मोड, संयुक्त फ्लैग मार्च से असामाजिक तत्वों में भय, आमजन में विश्वास

धमतरी (प्रखर)रामनवमी के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जिला मुख्यालय सहित संवेदनशील क्षेत्रों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला।
यह फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों—लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़ और नहरनाका चौक होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर तक पहुंचा। मकई चौक से सदर बाजार तक पैदल मार्च कर पुलिस बल ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी।
सख्त कार्रवाई के संकेत पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, चाकूबाजी, शराबखोरी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, वहीं शहर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी, रैंडम चेकिंग, पेट्रोलिंग और गश्ती दल सक्रिय हैं। होटल, ढाबा और लॉज की भी नियमित जांच की जा रही है।
शोभायात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। शोभायात्रा मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और पेड़ों की डालियों व अव्यवस्थित बिजली तारों को व्यवस्थित कराया गया है। विभिन्न सेक्टरों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। शोभायात्रा के आगे-पीछे और प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ में रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरी शोभायात्रा की निगरानी की जाएगी।
नागरिकों से अपील धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रामनवमी का पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
जिलेभर में फ्लैग मार्च जारी जिले के धमतरी, कुरूद और नगरी अनुभागों में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं।
अंत में पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।



