
रायपुर (प्रखर)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बदलने के बाद भूपेश मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद से हटाए गए मोहन मरकाम को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। कल राजभवन में उन्हें शपथ दिलाई जाएगी। उधर स्कूल शिक्षामंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर राज्यपाल ने टेकाम का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
विधानसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़े फेरबदल देखने को मिल रहा है। पार्टी ने पहले टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाया। तो वहीं अब बस्तर सांसद दीपक बैज को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया है। इस बीच अब ये खबर आ रही है कि जल्द ही भूपेश कैबिनेट के मत्रिमंडल में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। कयास ऐसे भी लगाए जा रहे हैं कि मंत्रिमंडल के कुछ मंत्रियों की छूट्टी हो सकती है। दरअसल सांसद दीपक बैज की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति को लेकर मीडिया से बात करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि संगठन में अलग अलग जिम्मेदारी मिल रही है। मोहन मरकाम के 2 कार्यकाल पूरे होने वाले थे, 50 प्रतिशत युवाओं को मौका देने निर्णय हुआ था। दीपक बैज को अध्यक्ष बनाकर इसकी शुरुआत की गई। जब उनसे पूछा गया कि संगठन के बाद सरकार में भी बदलाव की संभावना है? तो उन्होंने कहा कि देखते रहिए इंतजार करिए समय के साथ सब पता चल जाएगा। कांग्रेस संगठन ने कल देर रात बदलाव करते हुए बस्तर सांसद दीपक बैज को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए गए कोंडागांव के विधायक मोहन मरकाम को भूपेश मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है। मरकाम और धनेन्द्र साहू के अलावा और नेता को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। जो सत्यनारायण शर्मा हो सकते हैं हालांकि ये अभी केवल चर्चाएं ही हैं। शाम को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक हो रही है। राजभवन में 14 जुलाई को सुबह 11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू हो गई है। इस बीच खबर मिली है कि स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस्तीफा दे दिया है। जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
शिक्षा विभाग मेरी पहली पसंद : मरकाम
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मोहन मरकाम ने कहा कि यदि मुझे सरकार में जिम्मेदारी मिलती है तो उसे भी बखूबी निभाने की कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि यदि केबिनेट में स्थान मिलता है तो शिक्षा विभाग मेरी पहली पसंद होगी।



