रामपुर व सोरिद वार्ड में नाला सफाई अभियान जारी, जल निकासी हुई सुचारु

धमतरी/ शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यकर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम धमतरी के स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर सफाई अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में रामपुर वार्ड के बाबा डबरी क्षेत्र तथा सोरिद वार्ड में नटराज ट्रैक्टर के पीछे स्थित नालों की विशेष सफाई कराई गई।
लंबे समय से नालों में जमा कचरा, प्लास्टिक, गाद एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में गंदगी और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। निगम के सफाई अमले ने मौके पर पहुंचकर नालों की गहन सफाई करते हुए सभी अवरोधों को हटाया, जिससे जल निकासी व्यवस्था पुनः सुचारु हो गई।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में स्वच्छता में सुधार के साथ ही मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी कम हुई है। स्थानीय निवासियों ने निगम की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
सफाई अभियान के दौरान निगम कर्मचारियों ने नागरिकों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे घरों का कचरा नालों में न डालें और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा निष्पादन करें। उन्होंने बताया कि नालों में कचरा डालने से जलभराव की समस्या बढ़ती है और बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा यह सफाई अभियान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई से न केवल जल निकासी सुचारु होती है, बल्कि गंदगी, दुर्गंध और बीमारियों के खतरे को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे नालों में कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। जनभागीदारी से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष निलेश लुनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी नालों में गंदगी या अवरोध की शिकायत मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है।
निलेश लुनिया ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। जनसहभागिता से ही शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आदर्श बनाया जा सकता है।



