छत्तीसगढ़

राजधानी में मितानिन के मकान में बम बनाने का संदिग्ध सामान मिला

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, जांच जारी

रायपुर । राजधानी के बीरगांव इलाके में एक मकान से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध सामान मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रावाभाठा क्षेत्र स्थित फुलवारी चौक, वार्ड नंबर-13 के एक मकान में दबिश दी। नॉर्थ जोन पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के इलाके में भी पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मितानिन पुष्पा साहू के मकान में दबिश दी है। कार्रवाई के दौरान डीसीपी नॉर्थ, एसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। सुरक्षा के मद्देनजऱ पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक घर में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जब मकान की तलाशी ली, तो वहां से तार, बैटरी, पाउडरनुमा पदार्थ और देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद हुई। हालांकि, जब्त किए गए सामान को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

बम स्क्वॉड और साइबर टीम मौके पर
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया गया है। संदिग्ध सामग्री की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं, साइबर टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घर में किन लोगों का आना-जाना था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और दूरी बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, घर में मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button