ईंधन संकट की मार: राजधानी समेत अन्य शहरों में पेट्रोल पंप पर लंबी कतारों ने बढ़ाई चिंता, बंद हुए कुछ पंप, पेट्रोल के लिए भटके लोग

ईंधन संकट की मार: राजधानी समेत अन्य शहरों में पेट्रोल पंप पर लंबी कतारों ने बढ़ाई चिंता, बंद हुए कुछ पंप, पेट्रोल के लिए भटके लोग
रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के कई शहरों में बुधवार को पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित होने से हडक़ंप की स्थिति बन गई। राजधानी में अचानक कई पेट्रोल पंपों के बंद होने और ईंधन खत्म होने की खबर फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल भरवाने के लिए घरों से निकल पड़े। देखते ही देखते शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक दर्जन पेट्रोल पंपों पर समय पर सप्लाई नहीं पहुंच सकी। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे की आशंका के चलते कुछ पंप संचालकों ने बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी, जिससे हालात और बिगड़ गए। शाम ढलते-ढलते शहर के कई इलाकों में पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हो गए। इसका सबसे ज्यादा असर रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों, ऑफिस कर्मचारियों और ट्रांसपोर्ट कारोबार पर पड़ा। सरोना, भाठागांव, विधानसभा रोड, देवेन्द्र नगर और जयस्तंभ चौक जैसे प्रमुख इलाकों में लोग घंटों तक पेट्रोल के लिए भटकते रहे।
कई जगहों पर पंप बंद होने की सूचना मिलते ही वाहन चालकों में बेचैनी बढ़ गई। लोग एक पंप से दूसरे पंप तक दौड़ते नजर आए। जिन पेट्रोल पंपों पर सप्लाई उपलब्ध थी, वहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी ईंधन नहीं मिल पाया। इस बीच पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने कहा कि सप्लाई बाधित होने के पीछे भुगतान में देरी भी एक बड़ा कारण हो सकता है। एसोसिएशन के अनुसार तेल कंपनियों और डीलर्स के बीच वित्तीय समन्वय में आई परेशानी का असर अब सीधे आम लोगों पर दिखाई देने लगा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
शहर में अचानक बने इस संकट ने प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति स्पष्ट की जाती और पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित की जाती, तो इस तरह अफरा-तफरी की नौबत नहीं आती। फिलहाल राजधानी के लोग इस उम्मीद में हैं कि गुरुवार तक पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
ऊर्जा संरक्षण की दिशा में उठाया गया हर कदम राष्ट्रनिर्माण में योगदान है : मुख्यमंत्री साय
सीएम साय ने राष्ट्रहित में ईंधन बचत को जन-आंदोलन बनाने की अपील
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का समर्थन करते हुए कहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इसी भावना से प्रेरित होकर राज्य शासन द्वारा शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने कहा की कि उनके आधिकारिक भ्रमणों के दौरान अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रीगणों तथा विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी वाहनों एवं अन्य सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में भी कार्य करेगी। इसके तहत समस्त शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में परिवर्तित करने की दिशा में ठोस कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल ईंधन की बचत करेगा, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने तथा अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर हम बड़े सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशन फर्स्ट की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक जागरूक कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कांग्रेस करती है असहयोग :
डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने की प्रधानमंत्री की अपील पर कांग्रेस ने विरोध किया, इस पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस हर चीज में असहयोग करती है। देशहित में पीएम मोदी जो भी अच्छा करते हैं, कांग्रेस उसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध के कारण जो स्थिति चल रही है, उसे ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल का खपत कम करने का आह्वान किया है। हम भी उस पर अमल कर रहे हैं, हमने भी अपना करकेट में गाडिय़ों की संख्या कम किए हैं।



