छत्तीसगढ़
3 मजदूरों की मौत के मामले में बीएसपी के दो अधिकारी निलंबित, कार्रवाई से मचा हड़कंप

सिवरेज पाइप विस्तार के दौरान मिट्टी धंसने से गई थी जान
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा में 12 मई को सिवरेज पाइप विस्तार के दौरान मिट्टी धंसने से हुई 3 मजदूरों की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। इस मामले में बीएसपी के दो अधिकारियों को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत कार्य चल रहा था। जेसीबी और चेन माउंट मशीन की मदद से खुदाई करने के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने बीएसपी अस्पताल के सामने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद लापरवाही बरतने वाले डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम सिविल रमेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इधर पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है और जांच के बाद एफआईआर हो सकता है।



