छत्तीसगढ़

धमतरी में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी-तूफान से जनजीवन प्रभावित


कलेक्ट्रेट रोड और पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने गिरे पेड़, ऑरेंज अलर्ट का दिखा असर


धमतरी (प्रखर)धमतरी जिले में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और तूफानी मौसम ने पूरे शहर में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट का असर जिले में साफ तौर पर देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शहर के कलेक्ट्रेट रोड में एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया। वहीं पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के सामने भी भारी पेड़ गिरने की घटना सामने आई। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सड़क से गुजर रहे लोगों में दहशत का माहौल रहा।
तेज हवाओं के कारण शहर के कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित होने की जानकारी मिली है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और धूलभरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। कई जगहों पर छोटे दुकानदारों और ठेला व्यवसायियों को भी नुकसान पहुंचा है।
आंधी-तूफान की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय तक सड़क मार्ग बाधित रहा, जिसके बाद प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और रास्ता साफ करने का कार्य शुरू किया गया।
मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। धमतरी में सुबह से दिखाई दे रहे मौसम के इस बदले स्वरूप ने लोगों को सतर्क रहने पर मजबूर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास खड़े नहीं होने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की तेज आंधी और तूफानी हवाओं ने अचानक मौसम को पूरी तरह बदल दिया। सुबह से ही शहर में भय और सतर्कता का माहौल बना रहा।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button