छत्तीसगढ़

अमित शाह ने 400 नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 और 32 फॉरेंसिक वैन को दिखाई हरी झंडी, साइंस ऑन व्हील्स के साथ तेज़ न्याय की ओर कदम

छत्तीसगढ़ में स्मार्ट पुलिसिंग का नया दौर

पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी, सडक़ दुर्घटना और आपदा जैसी हर स्थिति में मिलेगी त्वरित सहायता

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 400 आधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, विधायकगण, जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

नई डायल-112 सेवा के जरिए प्रदेश में आपातकालीन सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत और तकनीक आधारित बनाया जाएगा। वहीं मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध जांच को तेज और वैज्ञानिक बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। सरकार का दावा है कि इस नई व्यवस्था से प्रदेश में स्मार्ट पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और साक्ष्य आधारित जांच प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह आधुनिक सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके तहत शुरू किए गए 400 अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

यह सेवा 24&7 संचालित होगी। इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी तथा स्वचालित कॉलर लोकेशन पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। राज्य के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और एसओएस -112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

मोबाइल फॉरेंसिक वैन से घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

साइंस ऑन व्हील्स – टुवर्ड्स फास्टर जस्टिसथीम पर आधारित 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन प्रदेश में अपराध अनुसंधान को नई दिशा देंगी। “32 वैन – 32 जिले – एक संकल्प: सटीक जांच, त्वरित न्याय” के उद्देश्य के साथ शुरू की गई यह पहल घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराएगी। लगभग 65 लाख रुपये प्रति यूनिट लागत वाली इन अत्याधुनिक वैन में घटनास्थल संरक्षण किट, साक्ष्य संग्रहण एवं सीलिंग उपकरण, फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नार्कोटिक्स परीक्षण किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, उच्च गुणवत्ता फोटोग्राफी व्यवस्था, बुलेट होल स्क्रीनिंग एवं बैलिस्टिक जांच किट तथा गनशॉट रेजिड्यू (जीएसआर) परीक्षण किट जैसी उन्नत सुविधाएं उपलब्ध हैं।

अब तक अपराध स्थल से साक्ष्य प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने में समय लगता था, जिससे साक्ष्यों के दूषित होने की संभावना बनी रहती थी तथा रिपोर्ट आने में भी विलंब होता था। नई मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक जांच, साक्ष्य संरक्षण, परीक्षण और डिजिटल दस्तावेजीकरण किया जा सकेगा। इससे जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में महत्वपूर्ण सुधार होगा।

साक्ष्य आधारित न्याय व्यवस्था को मिलेगा नया बल

राज्य सरकार का उद्देश्य वैज्ञानिक जांच को जन-जन तक पहुंचाना, साक्ष्य आधारित न्याय प्रणाली को मजबूत करना, अपराध नियंत्रण में फॉरेंसिक विज्ञान की भूमिका को बढ़ाना तथा समयबद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय जांच सुनिश्चित करना है। आधुनिक डायल-112 सेवा और मोबाइल फॉरेंसिक वैन के संचालन से प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा, अपराध अनुसंधान को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों का कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।

दो दिवसीय बस्तर दौरे पर रहेंगे शाह, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल सीएम साय

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय बस्तर दौरे पर हैं। अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने नेतानार, बस्तर में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया। यह केंद्र स्थानीय लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और सुविधाओं तक आसान पहुंच प्रदान करेगा। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अपने कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बादल अकादमी में शहीदों के परिजनों, सुरक्षाबलों के जवानों, नक्सल पीडि़त परिवारों तथा समाज प्रमुखों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। गृह मंत्री ने बस्तर क्षेत्र के विकास से जुड़ी एक विस्तृत प्रस्तुति (प्रेजेंटेशन) का अवलोकन भी किया, जिसमें क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं और सुरक्षा सुधारों की जानकारी दी गई। इसके अलावा उन्होंने बस्तर भाजपा के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। अपने दौरे के पहले दिन के सभी कार्यक्रमों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रात जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ इन आयोजनों में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम जगदलपुर में निर्धारित है।

सुरक्षा में 2000 से ज्यादा जवान तैनात

गृहमंत्री के दौरे को लेकर बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। जगदलपुर एयरपोर्ट से लेकर एनएच-30 तक हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पूरे संभाग में 2000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। सीआरपीएफ, एसपीजी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा मोर्चा संभाल रही हैं। ड्रोन के जरिए नक्सली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, वहीं पूरे बस्तर संभाग में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सभी कार्यक्रम स्थलों को मल्टी-लेयर सुरक्षा घेरे में रखा गया है। आम नागरिकों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग भी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं। यह दौरा सुरक्षा बलों और एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती और परीक्षा माना जा रहा है। फिलहाल बस्तर पूरी तरह छावनी में तब्दील नजर आ रहा है और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button