छत्तीसगढ़

स्वच्छता पर निगम की बड़ी कार्रवाई: 33 लोगों पर 24,600 रुपये जुर्माना, शहरभर में चला सख्त अभियान


धमतरी। नगर निगम धमतरी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 33 लोगों पर कार्रवाई करते हुए कुल 24,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम की यह कार्रवाई अम्बेडकर चौक से श्यामतराई मंडी तक, सिहावा चौक से नहर नाका तक तथा बस स्टैंड से अर्जुनी मार्ग तक संचालित की गई। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, सड़क किनारे गंदगी फैलाने, नालियों में अपशिष्ट डालने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों और दुकानदारों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश पर स्वच्छता अधिकारी शशांक मिश्रा के नेतृत्व में निगम की टीम सुबह से ही शहर के विभिन्न वार्डों और बाजार क्षेत्रों में सक्रिय रही। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाइश भी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से कहा कि वे अपने प्रतिष्ठानों और घरों के आसपास साफ-सफाई रखें तथा कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें।
अभियान के दौरान कई लोग खुले में कचरा फेंकते हुए पाए गए, जिन पर तत्काल जुर्माना लगाया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि लगातार चेतावनी और जागरूकता अभियान के बावजूद कुछ लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते अब सख्ती बरतना आवश्यक हो गया है।
आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना केवल निगम की नहीं बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना स्वच्छ शहर का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं स्वच्छता अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि निगम लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है, लेकिन कुछ लोग अब भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर तत्काल जुर्माना लगाया जा रहा है और निगम की टीम रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर निगम लगातार कार्रवाई करता रहा है। 8 मई को गंदगी फैलाने वाले 23 लोगों से 21,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया था। इसके एक दिन पहले 17 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 27,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। वहीं 6 मई को 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 28,800 रुपये वसूले गए थे। इसी दिन गंदगी फैलाने पर दो डेयरियों को सील भी किया गया था।
शनिवार को हुई कार्रवाई में निगम टीम के सुपरवाइजर धनेश सिन्हा, श्यामू सोना, गोविंद पात्रे, मुकेश साहू, सुरेंद्र सिन्हा, यशवंत पटेल, मुन्ना लाल, गिरवर सिन्हा, कुश नायक, बंशी और दीप सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
नगर निगम की लगातार सख्ती के बाद अब शहर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ती दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि निगम की इस मुहिम से धमतरी आने वाले समय में स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button