धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलते दो आरोपी गिरफ्तार, कार समेत 5.40 लाख का सामान जप्त

धमतरी-आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महंगे मोबाइल फोन, नगदी और एक टाटा नेक्सॉन कार समेत कुल लगभग 5 लाख 40 हजार 200 रुपये का मशरूका जप्त किया है। कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पीजी कॉलेज मैदान में की गई।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध जुआ, सट्टा एवं ऑनलाइन आईपीएल सट्टा कारोबारियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकी निगरानी, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान अंबेडकर चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक पीजी कॉलेज मैदान में खड़ी टाटा नेक्सॉन कार क्रमांक CG 05 AK 3677 के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेल रहे हैं और पैसों का लेनदेन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि कार के अंदर बैठे दो व्यक्तियों को मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमीत वाधवानी और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू बताया।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में “All Panel Exchange” नामक ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म की आईडी संचालित होना पाया गया। पुलिस के अनुसार इसी प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टा संचालन और पैसों के लेनदेन की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन, दो रियलमी मोबाइल, 5,200 रुपये नगद तथा टाटा नेक्सॉन कार जप्त की है। कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 5 लाख 40 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 133/26 के तहत धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं धारा 112, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमीत वाधवानी निवासी आमापारा धमतरी तथा विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू निवासी विवेकानंद कॉलोनी झूलेलाल नगर धमतरी शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और अन्य डिजिटल माध्यमों का तकनीकी विश्लेषण कर रही है। साथ ही ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आईडी संचालकों की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।



