भाजपा में शोक की लहर : योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन

प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान बिलासपुर में बिगड़ी तबीयत, उपचार के दौरान ली अंतिम सांस
बिलासपुर-छत्तीसगढ़ की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी संगठन के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का बिलासपुर में अचानक निधन हो गया। वे भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे, जहां कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण सत्र के बीच रूपनारायण सिन्हा को अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस हुई। उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए तत्काल उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और उन्हें बचाने के हर संभव प्रयास किए, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
रूपनारायण सिन्हा के निधन की खबर सामने आते ही भाजपा संगठन सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशिक्षण शिविर में मौजूद प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता स्तब्ध रह गए। कई वरिष्ठ नेता तुरंत अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल पर भी कुछ समय के लिए गतिविधियां थम गईं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि रूपनारायण सिन्हा संगठन के बेहद सक्रिय और समर्पित नेताओं में गिने जाते थे। छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में वे योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर लगातार कार्य कर रहे थे। राज्य सरकार ने उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्रदान किया था। सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी विशेष भागीदारी रहती थी, जिसके कारण वे कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।
बिलासपुर में आयोजित भाजपा के इस दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में प्रदेशभर से भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इसी दौरान हुई इस दुखद घटना ने पूरे आयोजन को शोक में बदल दिया।
रूपनारायण सिन्हा के निधन पर भाजपा नेताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलियों का सिलसिला लगातार जारी है। नेताओं ने उनके निधन को भाजपा संगठन और छत्तीसगढ़ के सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
प्रदेशभर में उनके समर्थकों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है। लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और अनुशासित व्यक्तित्व के रूप में याद कर रहे हैं।



