छत्तीसगढ़

थाने में नाबालिग से अभद्र व्यवहार मामला: टीआई और महिला हेड कांस्टेबल सस्पेंड

थाने में नाबालिग से अभद्र व्यवहार मामला: टीआई और महिला हेड कांस्टेबल सस्पेंड

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही और अमानवीय व्यवहार के मामले में एसपी ने सख्त कार्रवाई की है। थाना परिसर में नाबालिग बालिका और उसके परिजनों को रातभर बैठाए रखने तथा अभद्र व्यवहार के आरोप में थाना प्रभारी और महिला हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार यह मामला सोमनी थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि थाना प्रभारी अरुण नामदेव ने एक मामले में गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नाबालिग बालिका को गर्भवती बताया, जिसके बाद बालिका और उसके परिवार को रातभर थाने में बैठाकर रखा गया।

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला प्रधान आरक्षक राजश्री सिंह पर भी नाबालिग से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की जांच के निर्देश दिए।

सूत्रों के अनुसार, शिकायत की जानकारी मिलते ही एसपी स्वयं मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जारी आदेश के मुताबिक दोनों को रक्षित केंद्र में संबद्ध किया गया है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। मामले की आगे जांच जारी है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button