छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की रफ्तार धीमी, कई इलाकों में उमस बढ़ी; गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की रफ्तार धीमी, कई इलाकों में उमस बढ़ी; गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की गतिविधियां जारी हैं, लेकिन बारिश का दायरा सीमित हो गया है। मुंगेली और कवर्धा सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। इससे तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है। दिन का तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
पिछले 24 घंटों में जगदलपुर और रायपुर संभाग के कुछ इलाकों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं मानसून अभी भी प्रदेश की दहलीज पर अटका हुआ है। आंकड़ों के अनुसार रविवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में पश्चिम राजस्थान से लेकर बिहार और झारखंड तक तथा मध्य भारत के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग द्रोणिकाएं सक्रिय हैं, जिनका असर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। विभाग ने आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक के साथ वज्रपात और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।



