छत्तीसगढ़

रायपुर : सीएम हाउस में देर रात चली हाई लेवल बैठक, सत्ता-संगठन ने बनाई आगामी रणनीति

रायपुर : सीएम हाउस में देर रात चली हाई लेवल बैठक, सत्ता-संगठन ने बनाई आगामी रणनीति

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार देर रात भाजपा सरकार और संगठन की एक महत्वपूर्ण हाई लेवल बैठक आयोजित की गई। करीब पांच घंटे तक चली इस मैराथन बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य तथा भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक देर रात लगभग 2 बजे समाप्त हुई।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश के बाहर दौरे पर मौजूद कई मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था। लंबे समय तक चली इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जाते रहे।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह कोई असाधारण बैठक नहीं थी। उन्होंने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच हर तीन महीने में इस तरह की समन्वय बैठक आयोजित की जाती है। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई तथा मंत्री और विधायकों को उनके प्रभार क्षेत्रों में दौरे एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी इसे नियमित समीक्षा बैठक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद मंत्री रामविचार नेताम ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब मुस्कुराइए, सब सेफ है और छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने कहा कि बैठक को लेकर लगाए जा रहे सभी तरह के कयास निराधार हैं।

वहीं मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में मंत्री और विधायकों के प्रभार क्षेत्रों के दौरों, केंद्र सरकार की उपलब्धियों से जुड़े कार्यक्रमों तथा जनप्रतिनिधियों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button