राजनांदगांव में 26 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज पहली बारिश में दरका

राजनांदगांव में 26 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज पहली बारिश में दरका
राजनांदगांव। जिले के ग्राम बरगा के समीप दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओवरब्रिज पहली ही बारिश में दरकने लगा है। जून में उद्घाटन के कुछ ही सप्ताह बाद पुल में दरारें आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ओवरब्रिज बीच से दो हिस्सों में बंटता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है। यह पुल क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है, ऐसे में इसकी स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने, दोषी एजेंसी पर कार्रवाई करने और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया।



