आईएएस अफसरों के प्रभार बदले, पांच जिला पंचायत सीईओ का तबादला

रेमिजियुस एक्का को सूडा सीईओ का अतिरिक्त प्रभार
कोरबा-बस्तर-दंतेवाड़ा समेत कई जिलों में नई पदस्थापना
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के कार्यभार में फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आदेश के तहत पांच जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसके साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक रेमिजियुस एक्का को राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार आईएएस रेमिजियुस एक्का (2011 बैच) अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
तबादला आदेश के तहत गजेन्द्र सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धमतरी को उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग में पदस्थ किया गया है। वहीं प्रतीक जैन को जिला पंचायत बस्तर से स्थानांतरित कर जिला पंचायत कोरबा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। सुरुचि सिंह को जिला पंचायत राजनांदगांव से आयुक्त, नगर पालिक निगम भिलाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जयंत नाहटा को जिला पंचायत दंतेवाड़ा से जिला पंचायत धमतरी का सीईओ बनाया गया है।
एम. भार्गव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डोंगरगढ़ को जिला पंचायत दंतेवाड़ा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं तनय खत्रा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा को जिला पंचायत बस्तर का सीईओ बनाया गया है। इसके अलावा दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा को जिला पंचायत राजनांदगांव का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद संबंधित अधिकारियों को जल्द नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
19 अधिकारियों का तबादला
छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 अधिकारियों के ताबदले का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में नगर निगमों के आयुक्तों सहित विभिन्न विभागों में पदस्थ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।



