छत्तीसगढ़ में बदलेगा स्कूलों का शैक्षणिक कैलेंडर, 2027-28 से 1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र

छत्तीसगढ़ में बदलेगा स्कूलों का शैक्षणिक कैलेंडर, 2027-28 से 1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश में स्कूलों का नया शिक्षा सत्र अब 01 अप्रैल से शुरू होकर अगले वर्ष 31 मार्च तक चलेगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने लोक शिक्षण संचालनालय को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
वर्तमान व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ में शिक्षा सत्र 16 जून से शुरू होकर 30 अप्रैल तक संचालित होता है। अब इस व्यवस्था को समाप्त कर देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों और मंडलों की तर्ज पर अप्रैल से मार्च तक का शैक्षणिक कैलेंडर लागू किया जाएगा।
ग्रीष्मकालीन अवकाश में नहीं होगा बदलाव
नए शिक्षा सत्र की शुरुआत अप्रैल से होने के बावजूद विद्यार्थियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई कटौती नहीं की गई है। पहले की तरह ही 01 मई से 15 जून तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां रहेंगी।
1 अप्रैल से शुरू होंगी छात्रहित योजनाएं
नए सत्र को प्रभावी बनाने के लिए विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वर्ष 01 अप्रैल से ही स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को समय पर निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, सरस्वती सायकल योजना के तहत सायकल, स्कूल गणवेश और अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
शिक्षा व्यवस्था में आएगी समयबद्धता
शासन का उद्देश्य है कि नए शिक्षा कैलेंडर से विद्यार्थियों को सत्र के शुरुआती दिनों से ही आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और सुविधाएं मिल सकें। इससे पढ़ाई का समय बेहतर तरीके से उपयोग होगा और विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित हो सकेगी।



