स्वीडन में भारत का परचम लहराएंगे धमतरी के सत्यांशु दीप, स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम को नई दिल्ली में भव्य विदाई

स्वीडन में भारत का परचम लहराएंगे धमतरी के सत्यांशु दीप, स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम को नई दिल्ली में भव्य विदा
धमतरी- जिले के लिए गर्व का क्षण है कि धमतरी के सार्थक स्कूल के विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप 2026 के लिए भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में हुआ है। भारतीय टीम 11 जुलाई को नई दिल्ली से स्वीडन के गोथेनबर्ग के लिए रवाना हुई, जहाँ 12 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित Special Olympics Gothia Cup 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
रवाना होने से पूर्व नई दिल्ली स्थित स्वीडन दूतावास में भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम का भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्पेशल ओलंपिक्स भारत (SOB) एवं SKF इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। समारोह में भारतीय टीम के 10 विशेष खिलाड़ियों, हेड कोच, असिस्टेंट कोच एवं टीम अधिकारियों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को आधिकारिक टीम जर्सी, ट्रैवल बैकपैक, ट्रॉली सूटकेस, विशेष खेल जूते, ग्लव्स सहित संपूर्ण टीम किट प्रदान की गई। समारोह में उपस्थित स्वीडन दूतावास के अधिकारियों, स्पेशल ओलंपिक्स भारत, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़, SKF इंडिया के प्रतिनिधियों एवं आमंत्रित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ देश का गौरव बढ़ाने की शुभकामनाएँ दीं।
भारतीय टीम में देशभर के चयनित 10 विशेष खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें अयाज़ अहमद (जम्मू-कश्मीर), हरमनप्रीत सिंह (पंजाब), मोहम्मद आदिल खान (नई दिल्ली), एनोश मसीह (पंजाब), नफीस अहमद (पश्चिम बंगाल), सत्यांशु दीप (छत्तीसगढ़), संजीव पात्रा (पश्चिम बंगाल), स्टालिन के. (पुडुचेरी), कृष्णा अग्रवाल (उत्तर प्रदेश) तथा मयंक कुमार (बिहार) शामिल हैं। टीम का नेतृत्व हेड कोच ओनासिस एम. करेंगे, जबकि असिस्टेंट कोच पुष्पेंद्र कुशवाहा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।
धमतरी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि सार्थक स्कूल के छात्र सत्यांशु दीप का चयन पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय बना है। यह उपलब्धि विशेष बच्चों की प्रतिभा, उनके आत्मविश्वास और सतत प्रशिक्षण का प्रमाण है। साथ ही यह सार्थक संस्था एवं स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के समर्पित प्रयासों का भी परिणाम है।
सार्थक परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि सत्यांशु दीप अपनी प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से स्वीडन की धरती पर भारत का नाम रोशन करेंगे। संस्था ने कहा कि यह सफलता विशेष बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और समाज में यह संदेश देगी कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर विशेष बच्चे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकते हैं।
सत्यांशु दीप एवं भारतीय टीम की सफलता के लिए सार्थक संस्था के संरक्षक डॉ. ए.के. रावत, गोपाल शर्मा, मदनमोहन खंडेलवाल, संस्थापक अध्यक्ष प्रभा रावत, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला प्रशासन धमतरी, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग डॉ. मनीषा पांडे, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के निदेशक प्रमोद कुमार तिवारी, स्पोर्ट्स एक्सपर्ट रवि जैन, सार्थक की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी, सचिव स्नेहा राठौड़, प्रशिक्षकगण, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी, सार्थक परिवार, नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों सहित सत्यांशु दीप के परिवार ने भी उज्ज्वल प्रदर्शन और स्वर्णिम सफलता की मंगलकामनाएँ दी हैं।
धमतरी का यह बेटा अब विश्व मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाने के लिए तैयार है। पूरे जिले की निगाहें अब स्वीडन में होने वाले स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप 2026 में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन पर टिकी हैं।



