महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626 करोड़ रुपये

महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626 करोड़ रुपये
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत 29वीं किस्त की राशि जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योजना की 29वीं किस्त जारी होने पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की गई है। 66 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में आज 626 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है। 29वीं किस्त के लिए प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। अब तक कुल 18,800 करोड़ रुपए से अधिक की राशि हमारी माताओं-बहनों के खातों में भेजी जा चुकी है और इससे मातृशक्ति का आर्थिक सशक्तीकरण हो रहा है। इस राशि का हमारी माताएँ-बहनें घर के दैनिक खर्चों से लेकर बच्चों की शिक्षा, बचत तथा सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न आवश्यक कार्यों में सदुपयोग कर रही हैं। इससे उनका आर्थिक सशक्तीकरण और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।
बता दें कि महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक महत्वपूर्ण महिला-केंद्रित आर्थिक सहायता योजना है। इस योजना का उद्देश्य राज्य की पात्र विवाहित महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से प्रदान की जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक मजबूती प्रदान करना, घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग देना, बचत की आदत को बढ़ावा देना तथा परिवार से जुड़े आर्थिक निर्णयों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके अलावा, यह सहायता राशि परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य जरूरी खर्चों में उपयोगी साबित हो रही है।


