वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, बचाव अभियान जारी; दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम

वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, बचाव अभियान जारी; दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम
हनोई। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के पलटने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ घंटे पहले फु क्वोक द्वीप के पास एक नाव दुर्घटना हुई, जिसमें कई भारतीय पर्यटक सवार थे। दूतावास के अनुसार, हादसे के कारणों और नाव में सवार लोगों की सही संख्या के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके अलावा हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से हादसे से जुड़ी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
भारतीय दूतावास ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ प्रभावित लोगों की पहचान और स्थिति की जानकारी जुटाने का काम जारी है।



