दुर्ग में हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

दुर्ग में हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
दुर्ग। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में थाने के हिस्ट्रीशीटर लेखराम कोठारी की अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेखराम कोठारी को कुछ दिन पहले दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद रविवार रात कुंदरापारा में कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज सहित सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


