पिंक ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक ललित चंद्राकर, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

पिंक ई-रिक्शा से विधानसभा पहुंचे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक ललित चंद्राकर, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक ललित चंद्राकर ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का अनोखा संदेश दिया। दोनों जनप्रतिनिधि पिंक ई-रिक्शा में सवार होकर विधानसभा पहुंचे और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की राज्य सरकार की पहल का समर्थन किया।
विधानसभा रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि पिंक ई-रिक्शा योजना महिलाओं के लिए रोजगार का एक प्रभावी माध्यम बन रही है। इस पहल से महिलाएं न केवल स्वरोजगार से जुड़ रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी सशक्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है। मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पिंक ई-रिक्शा का उपयोग करें, ताकि पिंक दीदियों को बेहतर रोजगार के अवसर मिलें और उनकी आय में वृद्धि हो सके।



