छत्तीसगढ़

गड्ढों में गुम हुआ बलौदा बाजार-सिमगा मार्ग, राहगीरों की राह हुई मुश्किल

सड़क नहीं, हादसों का रास्ता

बलौदा बाजार। बलौदा बाजार से सिमगा जाने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सड़क के रखरखाव और नवीनीकरण की मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से अब लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सबसे ज्यादा असर रोजी-मजदूरी करने वाले लोगों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। गड्ढों से भरे मार्ग पर आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे आवागमन करना मुश्किल हो रहा है।

भारी वाहनों ने बढ़ाई सड़क की परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में स्थित सीमेंट संयंत्रों के कच्चे और तैयार माल की ढुलाई करने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की हालत और बिगड़ गई है। ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क की मजबूती प्रभावित हुई है। लोगों का आरोप है कि शाम होते ही इस मार्ग पर ओवरलोडिंग का सिलसिला तेज हो जाता है, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके चलते सड़क लगातार जर्जर होती जा रही है।

ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग

सुहेला, नवापारा, हथबंद, पड़कीडीह, करही चांडी, सेमहराडीह, रिसदा, कोकड़ी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क के गड्ढों को भरने और मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और स्थायी समाधान के लिए सड़क का नवीनीकरण कराने की मांग की है।

बलौदा बाजार से ब्यूरो प्रमुख राजेश्वर गिरी की रिपोर्ट

Author Desk

Related Articles

Back to top button