अंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़दिल्लीस्वास्थ्य

देश सेवा में समर्पित आईटीबीपी जवान खिलेश कुमार ध्रुव का असामयिक निधन

धमतरी जिले में शोक की लहर

देश सेवा में समर्पित आईटीबीपी जवान खिलेश कुमार ध्रुव का असामयिक निधन

धमतरी जिले में शोक की लहर

धमतरी- जिला मुख्यालय से लगे ग्राम शंकरदहा के निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में पदस्थ जवान खिलेश कुमार ध्रुव (उम्र 32 वर्ष) का रविवार 19 जुलाई को गुवाहाटी (असम) में असामयिक निधन हो गया। देश सेवा में समर्पित एक युवा जवान के निधन की खबर मिलते ही धमतरी जिले सहित उनके गृह ग्राम शंकरदहा में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्रवासी इस दुखद समाचार से स्तब्ध हैं।

स्वर्गीय खिलेश कुमार ध्रुव ग्राम शंकरदहा निवासी थे तथा उनके बड़े भाई खूबचंद ध्रुव पंचायत विभाग में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार खिलेश कुमार ध्रुव अपनी सेवाओं का निर्वहन करते हुए छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर कैंप से ड्यूटी पूरी कर वापस गुवाहाटी (असम) लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उपचार के हर संभव प्रयास के बावजूद रविवार को उनका निधन हो गया।खिलेश कुमार ध्रुव 2013- 14 से आइटीबीपी में पदस्थ हैं।वे अपने कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं मिलनसार स्वभाव के कारण परिवार, समाज और अपने साथियों के बीच विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं राष्ट्र सेवा को अपना सर्वोच्च धर्म माना और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके निधन से न केवल परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक होनहार, साहसी और राष्ट्रभक्त जवान को खो दिया है।

परिजनों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम शंकरदहा लाया जाएगा तथा मंगलवार 21 जुलाई को राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम दर्शन एवं अंत्येष्टि में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों के शामिल होने की संभावना है।जवान खिलेश कुमार ध्रुव के निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button