ट्राईसाइकिल बनी उम्मीद की नई राह: दिव्यांगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल सौंपकर बढ़ाया आत्मनिर्भरता की ओर कदम

ट्राईसाइकिल बनी उम्मीद की नई राह: दिव्यांगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल सौंपकर बढ़ाया आत्मनिर्भरता की ओर कदम
धमतरी (प्रखर) दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत होते हैं। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जिले के दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल प्रदान की। ट्राईसाइकिल मिलते ही दोनों हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इसे अपने जीवन में नई उम्मीद का संबल बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्राम सोरम निवासी कामदेव साहू एवं नवागांव-कंडेल निवासी गेमेश्वरी साहू को ट्राईसाइकिल प्रदान की। इस दौरान उन्होंने दोनों हितग्राहियों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार मिलते रहने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक मनीषा पांडेय सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बचपन से पोलियो की पीड़ा, अब आसान होगा सफर
गेमेश्वरी साहू ने बताया कि बचपन से दाहिने पैर में पोलियो होने के कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वर्तमान में वे नवागांव आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं। कार्य के दौरान उन्हें आसपास के गांवों और मोहल्लों में जाना पड़ता है, जिससे आवागमन बेहद कठिन था। अब ट्राईसाइकिल मिलने से उनका सफर आसान हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सड़क हादसे में खोया पैर, नई ट्राईसाइकिल बनी सहारा
ग्राम सोरम निवासी कामदेव साहू ने बताया कि छह वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में उनका एक पैर काटना पड़ा था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उनकी पत्नी मजदूरी कर निभा रही हैं और तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, खाद्यान्न सहायता योजना सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले मिली ट्राईसाइकिल लंबे समय तक उपयोग के बाद खराब हो गई थी। नई ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन करने पर समाज कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। इससे अब उनका दैनिक जीवन पहले की तुलना में अधिक सहज हो सकेगा।
अरुण सार्वा का बयान
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा,
“राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्हें सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन हर जरूरतमंद तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि ट्राईसाइकिल जैसे सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाते हैं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं। शासन लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।



