दिल्ली कूच पर किसानों को जगह-जगह रोका, शंभू बॉर्डर सील; भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में महापंचायत आज

दिल्ली कूच पर किसानों को जगह-जगह रोका, शंभू बॉर्डर सील; भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में महापंचायत आज
नई दिल्ली। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों द्वारा मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर बुलाई गई महापंचायत को लेकर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब से हजारों किसान दिल्ली की ओर रवाना हुए, लेकिन हरियाणा में शंभू बॉर्डर को सुबह करीब साढ़े पांच बजे ही सील कर दिया गया। प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया, जिससे आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान संगठनों का कहना है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता लागू होने से गेहूं, धान, डेयरी और सब्जी उत्पादक किसानों की आय पर सीधा असर पड़ेगा। उनका आरोप है कि सस्ते कृषि आयात से मंडियों में फसलों के दाम गिरेंगे और छोटे किसानों की आजीविका संकट में पड़ जाएगी। किसानों की मांग है कि सरकार प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द करे और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी दे।
किसान नेताओं ने इसे किसानों के अस्तित्व की लड़ाई बताते हुए कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास है, लेकिन इससे किसानों का हौसला नहीं टूटेगा।
शाहाबाद हाईवे पर भी किसानों को रोका गया
कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में भी अंबाला और पंजाब की ओर से आ रहे किसानों को पुलिस ने नेशनल हाईवे पर रोक दिया। यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग के साथ रेत से भरे डंपर भी सडक़ पर खड़े किए गए हैं, ताकि किसान आगे न बढ़ सकें। बड़ी संख्या में किसान मौके पर नारेबाजी कर रहे हैं, जबकि कुछ अन्य रास्तों से किसान दिल्ली की ओर बढऩे का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत और सीमाओं पर किसानों को रोकने की कार्रवाई के बीच पूरे घटनाक्रम पर देशभर की नजर बनी हुई है।



