रायपुर में दो थानों के बीच युवक की हत्या, सिर पर चोट के निशान

रायपुर में दो थानों के बीच युवक की हत्या, सिर पर चोट के निशान
रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह महिला थाना और यातायात मुख्यालय के बीच एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और सैंपल एकत्र किए गए हैं। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सुबह अज्ञात शव मिलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान प्रकाश के रूप में हुई। सिर पर मिले चोट के निशान मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।



