गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में प्रोफेसर की हार्ट अटैक से मौत, गाना गाने के दौरान बिगड़ी तबीयत

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में प्रोफेसर की हार्ट अटैक से मौत, गाना गाने के दौरान बिगड़ी तबीयत
बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम को तत्काल रोक दिया गया और परिसर में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल के पांच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक और अधिकारी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह ने मंच पर गीत भी प्रस्तुत किया।
बताया जा रहा है कि गीत प्रस्तुति के बाद उन्होंने अचानक असहज महसूस किया और बाथरूम की ओर चले गए। कुछ देर बाद जब वे वापस नहीं लौटे तो अन्य लोगों ने उन्हें तलाशा। बाथरूम में वे अचेत अवस्था में मिले। तत्काल उनकी स्थिति की जांच की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु हार्ट अटैक के कारण हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम को तत्काल बंद कर दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई और उपस्थित प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।



