छत्तीसगढ़

मंदिर की सफाई के दौरान हाई वोल्टेज करंट बना काल, 20 वर्षीय घनश्याम सेन की दर्दनाक मौत

पेड़ की डाल काटते समय हुआ हादसा, परिजनों ने मंदिर समिति पर लापरवाही का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

धमतरी, 2 अगस्त। कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल बगीचा वार्ड स्थित शिव मंदिर में रविवार को सावन सोमवार की तैयारियों के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मंदिर परिसर की साफ-सफाई करते समय 20 वर्षीय युवक घनश्याम सेन हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, लाल बगीचा शिव मंदिर के पास रहने वाला घनश्याम सेन (20 वर्ष), पिता बुधराम सेन रविवार सुबह करीब 11 बजे मंदिर समिति के कहने पर सावन सोमवार की पूजा-अर्चना की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान मंदिर की छत के ऊपर फैली पेड़ की डाल और पत्तियों को हटाने के लिए वह ऊपर चढ़ा। बताया जा रहा है कि पेड़ की डाल मंदिर के समीप लगे ट्रांसफार्मर और हाई वोल्टेज बिजली के तारों के बेहद करीब थी। सफाई के दौरान अचानक उसका संपर्क बिजली के तार से हो गया। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर मंदिर की छत पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और वार्डवासियों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल (डीसीएच) धमतरी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुबह करीब 11:50 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी।

हादसे के बाद परिजनों ने मंदिर समिति पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाई वोल्टेज बिजली के तारों के समीप पेड़ की डाल काटने जैसा जोखिम भरा कार्य किसी प्रशिक्षित व्यक्ति या बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था के साथ कराया जाना चाहिए था। इसके बजाय बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के स्थानीय युवक से यह काम कराया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक घनश्याम सेन स्थानीय स्तर पर सैलून का संचालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मेहनती, मिलनसार और व्यवहार कुशल होने के कारण वह वार्ड में सभी का प्रिय था। सावन सोमवार की पूर्व संध्या पर हुई इस दुखद घटना ने पूरे लाल बगीचा वार्ड सहित शहर को गमगीन कर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button