छत्तीसगढ़

महापौर निधि से स्वीकृत 20 लाख की लागत से सोनकर समाज भवन के विकास कार्यों का भूमि पूजन

महापौर निधि से स्वीकृत 20 लाख की लागत से सोनकर समाज भवन के विकास कार्यों का भूमि पूजन

धमतरी। शहर के विंध्यवासिनी वार्ड स्थित सोनकर समाज भवन में विकास कार्यों के भूमि पूजन का भव्य आयोजन सामाजिक सौहार्द एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। भूमि पूजन के साथ ही समाज भवन के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे, जबकि अध्यक्षता सोनकर समाज जिला धमतरी के अध्यक्ष संतोष सोनकर ने की। सभापति कौशल्या देवांगन, लोक निर्माण विभाग प्रभारी विजय मोटवानी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष पवन गजपाल, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, जल विभाग प्रभारी अखिलेश सोनकर तथा पार्षद ईश्वर सोनकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का समाज की ओर से पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने महापौर निधि से स्वीकृत 20 लाख रुपये की लागत से समाज भवन में शेड निर्माण, टाइल्स फिटिंग, प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न आवश्यक विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच अतिथियों ने निर्माण कार्य के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण पूर्ण होने की कामना की।

महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र होते हैं। नगर निगम का प्रयास है कि सभी समाजों के भवनों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का बेहतर ढंग से आयोजन हो सके। उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में संतोष सोनकर ने महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज भवन के विकास से समाज के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा सामाजिक आयोजनों के लिए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित परिसर उपलब्ध होगा। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से विकास कार्यों में सहयोग एवं एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समाज के सचिव हेमंत सोनकर, कोषाध्यक्ष प्रीतराम सोनकर, सह सचिव उमेश सोनकर, अंकेक्षक रामकिशन सोनकर, उपाध्यक्ष रामेश्वर सोनकर, सलाहकार धनीराम सोनकर, नरेश सोनकर, जीवन सोनकर, लखन सोनकर तथा लक्ष्मण सोनकर सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

महिला प्रकोष्ठ से अनीता सोनकर, रुक्मणी सोनकर, डॉ. सरिता सोनकर, सीमा सोनकर, चंचल सोनकर, रेणु सोनकर, सरस सोनकर, शीतल सोनकर, सरस्वती सोनकर एवं लक्ष्मी सोनकर की सक्रिय सहभागिता रही। वहीं शिक्षा विकास समिति एवं युवा प्रकोष्ठ से बसंत सोनकर, दिलीप सोनकर, गगन सोनकर और कैलाश सोनकर सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य, युवा एवं मातृशक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया। भूमि पूजन के साथ प्रारंभ हुए विकास कार्यों से समाज भवन को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई गई।

Author Desk

Related Articles

Back to top button