रायपुर: स्कूल बस की चपेट में आने से 2 वर्षीय मासूम की मौत, चालक-कंडक्टर हिरासत में

रायपुर: स्कूल बस की चपेट में आने से 2 वर्षीय मासूम की मौत, चालक-कंडक्टर हिरासत में
रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा रोड पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई। निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय बस्तीवासी विधानसभा थाना पहुंच गए। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस चालक और कंडक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



