डब्ल्यूआरएस कॉलोनी तालाब में मिला युवती का शव, पहचान में जुटी पुलिस

हत्या-हादसा या आत्महत्या की जांच
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस मोबाइल फोन के जरिए मृतका की पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जानकारी भी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल युवती की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस हत्या, हादसा और आत्महत्या—तीनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।



