अरुण साव का कांग्रेस पर हमला: बोले- पहले अपने नेताओं का विवाद सुलझाए, फिर प्रशिक्षण की बात करे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बुधवार को विभिन्न मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जहां भी कामों में देरी हो रही है, वहां कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अरुण साव ने बताया कि प्रदेश के 40 नगरीय निकायों में विकास कार्यों के लिए राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह का अनावश्यक विलंब न हो। जिन परियोजनाओं की गति धीमी है, उनकी विभागीय स्तर पर समीक्षा की जा रही है।
सदन में सांसदों द्वारा अधिकारियों के व्यवहार को लेकर उठाई गई शिकायतों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का विशेष महत्व होता है। अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनप्रतिनिधियों से सम्मानपूर्वक संवाद करें, उनकी बातों को सुनें और उचित जवाब दें। उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग इस संबंध में पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। किसी भी अधिकारी के खिलाफ विशिष्ट शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तीन साल से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों के तबादले को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर अरुण साव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तबादला उद्योग चलने के आरोप लगते रहे, उसे इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर समय-समय पर तबादले किए जाते हैं, ताकि व्यवस्था में कसावट बनी रहे और सरकारी कामकाज बेहतर तरीके से संचालित हो सके।
वहीँ पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विरोध और कथित गो बैक नारों को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां भी जा रही है, वहां पार्टी के अंदर ही विवाद सामने आ रहे हैं। कांग्रेस नेता आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं। कांग्रेस के जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम अच्छी पहल है, लेकिन जब पार्टी के बड़े नेता ही आपसी विवादों में उलझे हों, तो केवल छोटे पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देने से कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने कांग्रेस को पहले अपने नेताओं के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने की सलाह दी।



