रामू रोहरा के प्रयास से जालमपुर को मिली 1.45 करोड़ की सौगात, बनेगा ओवरहेड टैंक
जालमपुर में बनेगा 1.45 करोड़ का ओवरहेड टैंक, जल सुविधा होगी और बेहतर

रामू रोहरा के प्रयास से जालमपुर को मिली 1.45 करोड़ की सौगात, बनेगा ओवरहेड टैंक
जालमपुर में बनेगा 1.45 करोड़ का ओवरहेड टैंक, जल सुविधा होगी और बेहतर
धमतरी। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जालमपुर क्षेत्र में 1.45 करोड़ रुपए की लागत से नए ओवरहेड टैंक के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस टैंक के निर्माण से क्षेत्र में जलापूर्ति की क्षमता बढ़ेगी और लोगों को पर्याप्त एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नगर निगम के जल विभाग द्वारा जालमपुर में ओवरहेड टैंक निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर महापौर रामू रोहरा को सौंपा गया था। महापौर ने प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर इसके लिए प्रयास किए, जिसके बाद 1.45 करोड़ रुपए की राशि से ओवरहेड टैंक निर्माण को स्वीकृति मिली है।
महापौर रामू रोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जालमपुर में ओवरहेड टैंक बनने से क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में बढ़ती आबादी एवं पानी की जरूरतों को पूरा करने में भी सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां भी पेयजल से संबंधित समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां आवश्यकतानुसार नई संरचनाओं के निर्माण एवं मौजूदा व्यवस्था के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के प्रत्येक नागरिक को पर्याप्त और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार स्वीकृतियां मिल रही हैं। धमतरी में भी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। जालमपुर में बनने वाला ओवरहेड टैंक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



