छत्तीसगढ़

धमतरी नगर निगम को 15वें वित्त आयोग से 4 करोड़ की बड़ी सौगात

स्वास्थ्य विभाग को 2.55 करोड़ और जल विभाग को 1.45 करोड़ रुपये स्वीकृत, महंत घासीदास वार्ड के जालमपुर में बनेगी ओवरहेड टंकी

धमतरी नगर निगम को 15वें वित्त आयोग से 4 करोड़ की बड़ी सौगात

 

स्वास्थ्य विभाग को 2.55 करोड़ और जल विभाग को 1.45 करोड़ रुपये स्वीकृत, महंत घासीदास वार्ड के जालमपुर में बनेगी ओवरहेड टंकी

 

धमतरी। धमतरी नगर निगम के विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। 15वें वित्त आयोग की राशि से धमतरी नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के लिए 2 करोड़ 55 लाख रुपये तथा जल विभाग के लिए 1 करोड़ 45 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जल विभाग के लिए स्वीकृत राशि से महंत घासीदास वार्ड स्थित जालमपुर में ओवरहेड पानी टंकी का निर्माण किया जाएगा। कुल 4 करोड़ रुपये की इस स्वीकृति से शहर की स्वास्थ्य, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या देवांगन, स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया और जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर महंत घासीदास वार्ड के पार्षद हेमंत बंजारे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

 

नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या देवांगन ने कहा कि 15वें वित्त आयोग से नगर निगम को स्वास्थ्य एवं जल विभाग के लिए मिली यह राशि शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। शासन से मिली इस राशि से स्वास्थ्य, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था से जुड़े जरूरी कार्यों को गति मिलेगी।

 

स्वास्थ्य विभाग के सभापति नीलेश लूनिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के लिए 2 करोड़ 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत होना धमतरी शहर की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। इस राशि से स्वास्थ्य विभाग से जुड़े आवश्यक विकास कार्यों, संसाधनों और जनहित की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिकों के स्वस्थ वातावरण से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह राशि महत्वपूर्ण साबित होगी।

ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। शहर में पेयजल से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जहां भी पुरानी और जर्जर जल संरचनाएं हैं, उनकी स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं नई संरचनाओं के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जालमपुर में पुरानी ओवरहेड पानी टंकी की स्थिति बेहद खराब थी, जिससे न केवल पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी, बल्कि सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नई पानी टंकी के निर्माण के लिए पहल की गई। अब 1 करोड़ 45 लाख रुपए की राशि स्वीकृत होना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की बात है।

अखिलेश सोनकर ने कहा कि नई ओवरहेड पानी टंकी के निर्माण से जालमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई और दबाव में सुधार होगा। इससे लोगों को नियमित और बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आने वाले समय में भी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

महंत घासीदास वार्ड के पार्षद हेमंत बंजारे ने जालमपुर में 1 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड पानी टंकी की स्वीकृति मिलने पर शासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस टंकी के निर्माण से वार्डवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की जल व्यवस्था को स्थायी मजबूती प्राप्त होगी।

 

नगर निगम अध्यक्ष कौशल्या देवांगन, सभापति नीलेश लूनिया एवं पार्षद हेमंत बंजारे ने कहा कि धमतरी शहर के विकास के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button