हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत, स्कूली बच्चों को बांटे तिरंगे
अखिलेश सोनकर ने बच्चों को तिरंगा वितरित कर राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश, हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने किया आह्वान
हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत, स्कूली बच्चों को बांटे तिरंगे
अखिलेश सोनकर ने बच्चों को तिरंगा वितरित कर राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश, हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने किया आह्वा
धमतरी। देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत धमतरी में तिरंगा वितरण एवं जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। नगर निगम धमतरी के जल विभाग सभापति एवं पार्षद अखिलेश सोनकर ने स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें तिरंगा झंडा वितरित किया और अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान स्कूली बच्चों में राष्ट्रध्वज को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ अभियान में सहभागिता की। अखिलेश सोनकर ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और वीरता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए प्रत्येक नागरिक अपने घर और प्रतिष्ठान पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराए। बच्चों और युवाओं को राष्ट्रध्वज के महत्व एवं उसके सम्मान की जानकारी देना भी जरूरी है।
सोनकर ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे उन महान देशभक्तों का त्याग और बलिदान है। इसलिए तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने स्कूली बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ें तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान और गर्व के साथ राष्ट्रध्वज फहराएं।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, शिक्षकगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
“तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है।
हर घर तिरंगा—हर दिल तिरंगा।”



