छत्तीसगढ़

धमतरी जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था कब सुधरेगी?

जल निकासी की व्यवस्था नहीं, नाली के पानी से होकर शव ले जाने को मजबूर हुए लोग

धमतरी जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था कब सुधरेगी?

 

जल निकासी की व्यवस्था नहीं, नाली के पानी से होकर शव ले जाने को मजबूर हुए लोग

 

धमतरी। जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के रूप में पहचाने जाने वाले जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल परिसर में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

अस्पताल परिसर की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मृतक के शव को बाहर ले जाने के दौरान लोगों को नाली के गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। इस घटना का दृश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बनाए गए जिला अस्पताल परिसर में यदि जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव है, तो बरसात के दिनों में मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी कितनी बढ़ जाती होगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिले के सबसे महत्वपूर्ण सरकारी अस्पताल में आम जनता को ऐसी ही अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ेगा? अस्पताल में आने वाले मरीज पहले ही बीमारी और परेशानी से जूझ रहे होते हैं, ऐसे में परिसर में पानी और गंदगी की समस्या उनकी मुश्किलों को और बढ़ा देती है।

 

स्थानीय लोगों ने अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने और परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में प्रशासन को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मौके की जांच करानी चाहिए।

 

यदि व्यवस्था में लापरवाही के लिए कोई अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही अस्पताल परिसर में स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित कर भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

 

जनहित से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर अब देखना होगा कि प्रशासन कब जागता है और धमतरी जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था में कब तक सुधार होता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button