छत्तीसगढ़

भ्रामक वीडियो वायरल करने के मामले में धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

भ्रामक वीडियो वायरल करने के मामले में धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

 

धमतरी, 18 अगस्त 2026। सोशल मीडिया पर भ्रामक, एडिटेड एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर जनभावनाओं को प्रभावित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा झंडा फहराने के एक पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस के दौरान तिरंगे के अपमान से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच करते हुए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

 

पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 336(4), 353(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। शिकायत के मुताबिक, 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराया गया था। इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।

 

आरोप है कि इसी मूल वीडियो को डाउनलोड कर एडिट किया गया और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश के साथ तिरंगे का प्रतीक जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

 

मोबाइल जांच में मिले महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य

 

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर पूछताछ की। इसके बाद उनके मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन किया गया और पंचनामा तैयार किया गया। जांच के दौरान मोबाइल में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन पाए गए।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मूल वीडियो को डाउनलोड कर News Banao App के माध्यम से एडिट किया गया। वीडियो में भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़ने के बाद उसे Instagram एवं Facebook पर अपलोड किया गया। पुलिस के मुताबिक वीडियो बाद में डिलीट कर दिया गया था, लेकिन Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी उससे संबंधित साक्ष्य मिले। पुलिस ने आवश्यक स्क्रीनशॉट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया।

 

वहीं आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की जांच के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने संबंधी फोटो भी पाए गए। पुलिस ने इनका स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया।

 

दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

 

पर्याप्त डिजिटल एवं अन्य साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम जिल्दी निवासी दो आरोपियों को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में भुनेश्वर निराला, पिता मंगल निराला, उम्र 25 वर्ष तथा राकेश निराला, पिता स्व. मंगल निराला, उम्र 32 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ शामिल हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 

सोशल मीडिया यूजर्स से पुलिस की अपील

 

धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो अथवा समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें। किसी पुराने वीडियो या फोटो को एडिट कर भ्रामक तरीके से प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और भ्रामक सामग्री को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button