छत्तीसगढ़

करीब 23 लाख पेंशन हितग्राहियों की चिंता करे सरकार : गोपी साहू

करीब 23 लाख पेंशन हितग्राहियों की चिंता करे सरकार : गोपी साहू

बलौदा बाजार ( प्रखर )। नगर पंचायत पलारी अध्यक्ष गोपी साहू ने प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े लाखों हितग्राहियों को पेंशन राशि के भुगतान में हो रही देरी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों के लिए पेंशन जीवन-यापन का महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में लगभग पांच माह तक पेंशन राशि का इंतजार करवाना सरकार की असंवेदनशीलता और उदासीनता को दर्शाता है।

गोपी साहू ने कहा कि प्रदेश में करीब 23 लाख हितग्राही इन सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़े हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों की है, जिनके लिए हर महीने मिलने वाली पेंशन छोटी राशि होने के बावजूद राशन, दवा और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि पांच-पांच महीने तक पेंशन नहीं मिलना केवल भुगतान में देरी नहीं, बल्कि जरूरतमंद और कमजोर वर्ग की परेशानियों के प्रति सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है। जिन बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को अपनी दवाइयों और घरेलू जरूरतों के लिए इस राशि का इंतजार रहता है, उन्हें बार-बार बैंक और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

गोपी साहू ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के हितग्राहियों को समय पर उनका अधिकार मिले। लेकिन महीनों तक राशि लंबित रहने के बावजूद सरकार की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दिया जाना सरकार की उदासीनता और प्रशासनिक संवेदनहीनता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल यह स्पष्ट करना चाहिए कि किन योजनाओं में कितने हितग्राहियों की कितनी राशि लंबित है और भुगतान में देरी का वास्तविक कारण क्या है। यदि तकनीकी अथवा प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण भुगतान रुका है तो उसका खामियाजा प्रदेश के गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग हितग्राहियों को नहीं भुगतना चाहिए।

गोपी साहू ने सरकार से मांग की कि लगभग पांच माह से लंबित पेंशन राशि तत्काल जारी की जाए तथा हितग्राहियों को पूरा एरियर एकमुश्त प्रदान किया जाए। साथ ही भविष्य में हर माह निर्धारित समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए।

उन्होंने कहा कि करीब 23 लाख हितग्राहियों से जुड़ी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को सरकार को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। पेंशन की राशि समय पर मिलना केवल आर्थिक सहायता का विषय नहीं है, बल्कि यह बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ विषय है।

गोपी साहू ने कहा— “पांच-पांच महीने तक पेंशन का इंतजार करना जरूरतमंद हितग्राहियों के साथ अन्याय है। सरकार की यह असंवेदनशीलता और उदासीनता बेहद चिंताजनक है। सरकार तत्काल लंबित राशि जारी करे, एरियर का भुगतान करे और ऐसी व्यवस्था बनाए कि भविष्य में किसी भी हितग्राही को अपनी पेंशन के लिए महीनों इंतजार न करना पड़े।”
बलौदा बाजार से ब्यूरो प्रमुख राजेश्वर गिरी की रिपोर्ट।

Author Desk

Related Articles

Back to top button