छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 56 नए सिविल जजों को दी पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 56 नए सिविल जजों को दी पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पीएससी के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों (जूनियर डिवीजन) की पहली पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना भी की गई है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव द्वारा जारी विभिन्न आदेशों और अधिसूचनाओं के तहत प्रदेश के कई न्यायिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त 56 नव-चयनित सिविल जजों को पहली पोस्टिंग दी गई है।
हाईकोर्ट ने सभी नव-नियुक्त सिविल जजों को 29 अगस्त तक अपनी पदस्थापना वाले न्यायालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यायिक अधिकारियों की नई पदस्थापना प्रभावी होगी। इन तबादलों और नियुक्तियों से जिला न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना व्यवस्था में बदलाव होगा। हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेशों के तहत हायर ज्यूडिशियल सर्विस के अधिकारियों के साथ सिविल जज सीनियर और जूनियर डिवीजन संवर्ग के न्यायिक अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इसके अलावा हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच जजों का तबादला किया गया है। दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर बनाया गया है। ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर और ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से और एन. सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी), दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है। इसके अलावा रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) एक्ट के तहत रायपुर विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) की जिम्मेदारी दी गई है।
सिविल जज सीनियर डिवीजन में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली नियुक्त किया गया है। वहीं, भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ओएसडी बनाया गया है। वहीं, सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के भी सात जजों के तबादले किए गए हैं।



