छत्तीसगढ़

वंदे मातरम् प्रस्ताव पर अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले- देश के साथ धोखा

रायपुर। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में दो मिनट वंदे मातरम् गाने का प्रस्ताव पारित होने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीडब्ल्यूसी में लाया गया यह प्रस्ताव देश के साथ धोखा है। कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए साव ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम लीग के रास्ते पर चल रही है और इस प्रस्ताव ने उसकी तुष्टिकरण की राजनीति को प्रमाणित कर दिया है।

अधिकारी से गाली-गलौच के मामले में भी साधा निशाना

अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा एक अधिकारी से गाली-गलौच किए जाने के कथित वीडियो को लेकर अरुण साव ने कहा कि लोकतंत्र में कानून को हाथ में लेने से बड़ा नैतिक अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री रहते अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराया जाता था। साव ने कहा कि इसी तरह की धमकियों के कारण कांग्रेस के कई साथी आज जेल में हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ गाली-गलौच करना दुर्भाग्यजनक और अनुचित है। ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए।

‘कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है’

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आज मुद्दाविहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उनकी भाषा और काम निचले स्तर तक चले गए हैं। अगर यही स्थिति रही तो कांग्रेस अपना अस्तित्व भी नहीं बचा पाएगी।

‘भाजपा में नहीं है कुर्सी की लड़ाई’

सोशल मीडिया पर कांग्रेस के ‘कुर्सी दंगल’ वाले पोस्ट को लेकर साव ने कहा कि कुर्सी की लड़ाई कांग्रेस में चल रही है। भाजपा में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हमारे नेता हैं और भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक-एक गारंटी को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। साव ने कहा कि भाजपा में कुर्सी को लेकर कोई लड़ाई नहीं है, जबकि कांग्रेस के नेता आपस में झगड़ रहे हैं और यह सब सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रहा है।

शराब घोटाले की जांच पर बोले- कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा

शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता के करीबियों पर ईडी की कार्रवाई को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय मामले की जांच कर रहा है और कार्रवाई जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। वहीं गौठान को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गौठान के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ था। कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौ धाम योजना पर तेज गति से काम कर रही है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button